घर में रखे गैस सिलिंडर में लीकेज होने के कारण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लपटों के बीच सिलेंडर फट गया। घटना में युवक झुलस गया। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।
अमरोहा के मोहल्ला छेबड़ा निवासी नरेश कुमार के घर पर पत्नी व बेटा कपिल कुमार रहते हैं। रविवार दोपहर नरेश कुमार घर से बाहर गए थे। उनकी पत्नी पड़ोसी के घर में बैठी थी। जबकि, उनका बेटा घर पर ही था।
कपिल गैस चूल्हा जला रहा था, तभी सिलिंडर में लीकेज होने के कारण आग लग गई। आग की चपेट में आकर कपिल झुलस गया। वह घर से बाहर भाग निकला। कुछ ही देर में धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। शोर सुन नरेश कुमार की पत्नी व ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
आग की चपेट में आकर घर में पल रहीं कई मुर्गी जलकर मर गईं, जबकि घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं सिलिंडर फटने से मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि गैस सिलिंडर में लीकेज होने के कारण आग लगी थी।