नौगांवा सादात (अमरोहा)। गुब्बारे में गैस भरते समय सिलिंडर फटने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे में घायल हुए गुब्बारा विक्रेता की हालत भी गंभीर है। सिलिंडर फटने से हुए तेज धमाके से नजदीकी घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और लोग दहशत में घिर गए।
यह हादसा मौगांवा सादात के नई बस्ती इलाके में हुआ। वहां उषा बीड़ी वाली गली में मिठाई विक्रेता अरमान रहते हैं। बिजनौर रोड पर उनकी दुकान है। रविवार दोपहर घर पर मौजूद उऩका चार वर्षीय बेटा अली राजन गली में गैस के गुब्बारे बिकते देख खरीदने की जिद करने लगा। परिजनों से पैसे मिलने पर वह गुब्बारा खरीदकर घर आ गया। खेलते-खेलते उसने एक और गुब्बारा लेने की इच्छा
जताई। परिजनों की सहमति पर जब वह ठेले से दूसरा गुब्बारा खरीद रहा था तो अचानक सिलिंडर फट गया। गैस के प्रेशर और फटे सिलिंडर के टुकड़े लगने से चार साल का मासूम लहूलुहान हो गया। गुब्बारे बेच रहे अनीस भी बुरी तरह घायल हो गए।
हादसा देख नजदीक मौजूद लोग दोनों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने अली राजन को मृत घोषित कर दिया। गुब्बारा विक्रेता अनीस को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। अनीस चुचैला कलां के मूल निवासी हैं। पिछले कुछ समय से वह नौगांवा सादात की नई बस्ती में ही रहकर गैस के गुब्बारे बेचने का काम कर रहे हैं। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसका पता लगाने के लिए मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किया जा रहे हैं। अगर कोई अनियमितता पाई जाती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अरमान के अरमानों का केंद्र था इकलौता बेटा
आसपास के लोगों ने बताया कि चार साल का अली राजन इकलौता बेटा होने के कारण घर का बहुत लाड़ला था। पिता अरमान ने उससे भविष्य के अरमान जोड़ते हुए इसी साल उसका नर्सरी में एडमिशन कराया था। अली राजन मां फरहीन की भी आंखों का तारा था। इकलौते लाल के हमेशा के लिए दूर हो जाने से फरहीन बदहवास हैं। गमजदा परिजनों ने मासूम के पोस्टमार्टम से बचते हुए उसे दफन कर दिया।