हसनपुर। रक्षाबंधन के त्योहार पर पत्नी को उसके मायके में छोड़कर वापस लौट रहे किसान की सड़क हादसे में मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में चल रहीं रक्षाबंधन के त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई है। पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बताते हैं कि गजरौला थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर निवासी हरिराज (58) शुक्रवार की देर रात अपनी पत्नी शांति को रक्षाबंधन पर आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव हयातपुर में छोड़कर घर लौट रहे थे। गजरौला हसनपुर मार्ग पर गांव मनौटा में शिव मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हरिराज गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच करघायल को नगर के सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मृतक ने अपने पीछे तीन बेटियां, दो बेटे और पत्नी को छोड़ा है।