हाईवे पर तीन दिन पहले छुट्टा पशु की टक्कर से घायल हुए संभल निवासी विजेंद्र कुमार शर्मा (65) की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका नोएडा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने हादसे को इत्तेफाकिया में दर्ज किया है।
यह हादसा 20 मई को रजबपुर क्षेत्र में हाईवे स्थित एक यूनिवर्सिटी के पास हुआ था। पुलिस के मुताबिक संभल जिले के गांव एचोड़ा कम्बोह निवासी किसान विजेंद्र कुमार शर्मा बाइक से मंडी धनौरा जा रहे थे।
हाईवे पर अचानक छुट्टा पशु सामने आने से उनकी बाइक अनिंयत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। सिर में चोट लगने के कारण विजेंद्र कुमार शर्मा गंभीर घायल हो गए थे। पुलिस ने उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया था।
इसके बाद परिजन उन्हें पहले मेरठ और बाद में नोएडा के निजी अस्पताल ले गए था, जहां इलाज के दौरान विजेंद्र कुमार शर्मा की मौत हो गई। सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है। किसान की मौत को इत्तेफाकिया हादसे के रूप में दर्ज किया गया है।