अमरोहा डाकघर में हंगामे के बाद एकत्र भीड़ व पुलिस। संवाद
अमरोहा। नगर के मुख्य डाकघर में शनिवार को बच्चे का आधार कार्ड बनवाने पहुंचे गांव कौराल निवासी सिपाही शुभम त्यागी के साथ डाकघर कर्मियों ने मारपीट कर दी। बचाव को आई पत्नी को भी पीटा। आरोपियों ने सिपाही का मोबाइल छीनकर डाटा डिलीट कर दिया। सुरक्षा गार्ड ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसकी राइफल भी कब्जे में ले ली है। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव कौराल निवासी शुभम त्यागी यूपी पुलिस में कांस्टेबल है। वर्तमान में उनकी तैनाती जौनपुर जनपद की पुलिस लाइन में है। इन दिनों छुट्टी पर आए शुभम त्यागी शनिवार की सुबह करीब दस बजे पत्नी ज्योति के साथ अपने बेटे का आधार कार्ड बनवाने अमरोहा शहर के मुख्य डाकघर पर आए थे। शुभम त्यागी का आरोप है कि उन्होंने डाकघर कर्मियों से आधार कार्ड बनने के बारे में पूछा तो उन्होंने मशीन खराब बताकर मना कर दिया। वहीं सुरक्षा गार्ड से पूछा तो उसने आधार कार्ड बनवाने के लिए फार्म लेने की बात कही।
सिपाही शुभम त्यागी आधार कार्ड बनवाने के लिए फार्म लेने की लाइन में लग गए, लेकिन जब उनका नंबर आया तो कर्मचारी ने फार्म देने से मना कर दिया। शुभम त्यागी ने इसका कारण पूछा तो उसने एक दिन में सिर्फ 44 फार्म बांटने की बात कही। इसके बाद शुभम त्यागी फिर डाकघर के भीतर पहुंचे और कर्मचारियों से बच्चों का आधार कार्ड बनाने के लिए निवेदन किया।
आरोप है कि इस दौरान डाकघर के अधिकारियों ने भी सिर्फ 44 आधार कार्ड बनाने का हवाला देते हुए उन्हें फॉर्म देने से इन्कार कर दिया। लिहाजा शुभम त्यागी ने खुद को पुलिस स्टाफ से बताया और शासनादेश के बारे में पूछा। संवाद