गजरौला (अमरोहा)। पिता की मौत के बाद एक लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर तीन बच्चों के पिता ने किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। साथ ही किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी का फर्जी आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और फजी निकाह की रसीद बनाकर न्यायालय में याचिका दायर की। किशोरी की दादी ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मोहल्ले के ही तीन बच्चों के पिता ने उसकी नातिन से कहा कि तेरे पिता की मौत हो गई है। वह सरकार से एक लाख रुपये दिला देगा। उसकी नाबालिग नातिन से आधार कार्ड व अन्य कागजात ले लिए। वह नातिन को कई बार अपने घर पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने फर्जी आधार कार्ड व फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाकर और नाबालिग नातिन के साथ निकाह की रसीद तैयार करा ली। जिसे न्यायालय में याचिका दायर की। जानकारी होने पर नातिन ने कई बार दुष्कर्म की बात कही। आरोप लगाया कि वह धमकी देता था कि किसी को बताने पर जान से मार देगा। किशोरी की दादी ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि जांच कर केस दर्ज किया जाएगा।