मंडी धनौरा। शादी समारोह में काम करके बाइक से घर लौटते समय मोहल्ला शिवपुरी निवासी मुकेश सैनी (55) और उनके बेटे कौशल सैनी (25) को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिता-पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मोहल्ला शिवपुरी निवासी मुकेश सैनी शादी-विवाह में कारीगर का काम करते थे। मंगलवार को वह अपने बेटे कौशल सैनी के साथ बछरायूं रोड स्थित एक बरातघर में शादी समारोह में काम करने गए थे। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। धनौरा तहसील के पास पहुंचने पर सामने पर आए तेज रफ्तार कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश और कौशल की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार चालक वाहन छोड़कर भाग गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पिता-पुत्र की मौत की खबर सुनकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि मृतक के दूसरे बेटे सौरभ सैनी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।