उझारी। सैदनगली में शुक्रवार की रात कोहरे के कारण निजी बस ने चीनी मिल से गन्ना डालकर लौट रहे किसान की ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर पर सवार किसान बस के नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह को उनका शव लोगों ने बस के नीचे से बाहर निकाला। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रख कर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव हरियाणा में किसान इब्राहिम (45) का परिवार रहता है। बताते हैं कि इब्राहिम शुक्रवार की रात को ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर अपने खेत से गन्ना लाद कर दि किसान सहकारी चीनी मिल कालाखेड़ा गए थे। रात करीब 2:30 बजे के बाद गन्ना मिल में आपूर्ति करने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहे थे। हसनपुर संभल मार्ग पर उझारी के नजदीक सामने से आ रही एक निजी बस घने कोहरे में ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर से नीचे गिरते ही इब्राहिम के ऊपर बस चढ़ गई। रातभर बस के नीचे इब्राहिम का शव दबा रहा।
सुबह ग्रामीणों को सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे और शव को बस के नीचे से निकाला। उधर, हादसे के बाद बस चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों ने आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इब्राहिम ने अपने पीछे तीन बेटे, दो बेटी एवं पत्नी रेशमा को रोते बिलखते छोड़ा है। सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि सड़क हादसे में किसान की मौत हुई है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्दी ही आराेपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक इब्राहिम का फाइल फोटो