अमरोहा के ऑफिसर्स कॉलोनी में चोरी के बाद जानकारी देते अर्दली रामचंद्र पांडेय। संवाद
अमरोहा। ऑफिसर्स कॉलोनी के सरकारी आवास में रहने वाले एसीजेएम प्रथम के अर्दली रामचंद्र पांडेय के घर के ताले तोड़कर चोरों ने एक लाख से अधिक की नकदी और जेवरात समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया। घटना के समय अर्दली रामचंद्र पांडेय और उनकी पत्नी सुशीला पांडेय अपने देहरादून में रहने वाले बेटे और पुत्रवधू के पास गए हुए थे।
शुक्रवार की देर रात वापस लौटने पर घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाॅड टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित अर्दली रामचंद्र पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। 18 दिसंबर को रामचंद्र पांडेय और उनकी पत्नी सुशील पांडेय अपने इकलौते बेटे मनोज पांडेय के पास देहरादून गए थे। उनके घर पर ताला लगा हुआ था।
शुक्रवार की शाम करीब सात बजे रामचंद्र पांडेय पत्नी के साथ देहरादून से वापस घर पहुंचे तो अचंभित रह गए। उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। जैसे ही रामचंद्र पांडेय घर के भीतर पहुंचे तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की तिजोरी का भी ताला टूटा हुआ था। तिजोरी में रखे करीब 1.20 लाख रुपये और सोने चांदी के आभूषण गायब थे। रामचंद्र पांडेय ने पड़ोस में रहने वाले लोगों को घटना की जानकारी दी तो लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाॅड टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। मामला न्यायिक अधिकारी के अर्दली का था इसलिए एएसपी अखिलेश भदौरिया और सीओ अवधभान भदौरिया भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित अर्दली रामचंद्र पांडेय ने बताया कि उनकी पत्नी सुशील पांडेय व पुत्रवधू श्वेता त्रिपाठी व परिवार के सभी सदस्यों के सोने चांदी के आभूषण भी तिजोरी में रखे हुए थे। उन्होंने नकदी और जेवरात समेत करीब 35 लाख रुपये का सामान चोरी होने की बात कही है। वहीं, एसएसपी अखिलेश भदोरिया ने बताया कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए तीन टीम में गठित की गई हैं।
अमरोहा के ऑफिसर्स कॉलोनी में चोरी के बाद जानकारी देते अर्दली रामचंद्र पांडेय। संवाद