कोचिंग से घर जाने के लिए रेलवे लाइन पार कर रही बीए की छात्रा आरती (17) की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर जांच की।
गजरौला क्षेत्र के गांव बिजौरा निवासी महिपाल सिंह मजदूरी करते हैं। उनकी बेटी आरती बीए की छात्रा थी। वह गजरौला के रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में पढ़ाती थी। साथ ही कंप्यूटर की कोचिंग कर रही थी। रेलवे स्टेशन अधीक्षक केएल कश्यप ने बताया कि गरीब नवाज एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली की दिशा में जा रही थी।
ट्रेन चालक ने बताया कि भानपुर फाटक के पास एक युवती की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई है। इस पर जीआरपी व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवती की पहचान बिजौरा निवासी महिपाल सिंह की बेटी आरती के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि आरती गजरौला में कोचिंग कर घर लौट रही थी। लाइन को पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गई। छात्रा के ट्रेन की चपेट में आकर मौत की खबर पर परिजन आ गए। जीआरपी चौकी इंचार्ज राजीव नैन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।