अमरोहा। जिले में 95 माताओं ने दूध दान कर 127 नवजातों को जीवनदान दिया है। जिला अस्पताल में स्थापित स्तनपान प्रबंध यूनिट इस पहल का केंद्र बनकर बच्चों के लिए संजीवनी साबित हो रही है।
आठ नवंबर 2025 को शुरू हुई इस यूनिट में महिलाएं स्वेच्छा से दूध दान कर रही हैं। पिछले पांच महीनों में एकत्र दूध को सुरक्षित रखकर एसएनसीयू में भर्ती कमजोर व समय से पहले जन्मे शिशुओं को जरूरत अनुसार दिया जा रहा है, जिससे उन्हें आवश्यक पोषण मिल रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार मां का दूध बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और कई बीमारियों से बचाता है। स्वास्थ्य विभाग आशा और एएनएम के माध्यम से जागरूकता अभियान चला रहा है, ताकि अधिक महिलाएं इस पहल से जुड़ सकें।
सीएमओ डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि यह यूनिट उन नवजातों के लिए वरदान है, जिन्हें जन्म के बाद मां का दूध नहीं मिल पाता और माताओं का यह योगदान बेहद प्रेरणादायक है।