गजरौला। दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जाने वाली रोडवेज बसों को अवैध रूप से ढाबों पर रोका जा रहा है। मामले की शिकायत परिवहन विभाग के मुख्य प्रधान प्रबंधक से की गई, तो मामले को संज्ञान में लेते हुए उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधकों को जांच के बाद कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नगर के नेशनल हाईवे स्थित मेला यात्री प्लाजा के स्वामी ने परिवहन विभाग के मुख्य प्रधान प्रबंधक प्रशासन कमेंद्र सिंह को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि मेला रेस्टोरेंट दिल्ली से मुरादाबाद की ओर आने वाली रोडवेज बसों के लिए परिवहन विभाग से अधिकृत है। लेकिन गढ़मुक्तेश्वर स्थित कई ढाबों पर अवैध रूप से रोडवेज बसों को रोका जा रहा है। दिल्ली की ओर से आने वाली रोडवेज बसों को नियम विरुद्घ दूसरी साइड में हाईवे से अवैध कटों से मोड़कर ढाबों पर रोका जा रहा है। जहां हादसों की आशंका बनी रहती हैं। आरोप लगाया कि इन सभी ढाबों पर नियम विरुद्घ तरीके से दिल्ली से मुरादाबाद आने वाली बसों को भी रोका जा रहा है। मामले में संज्ञान लेते हुए मुख्य प्रधान प्रबंधक कमेंद्र सिंह ने मुरादाबाद, मेरठ, गाजियाबाद व बरेली के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को पत्र जारी करते हुए निर्देशित किया है कि परिवहन विभाग के नियमानुसार अनाधिकृत रूप से बसों को रोकने वाले ढाबा स्वामियों और संबंधित रोडवेज चालकों पर भी कार्रवाई की जाए।