अमरोहा। प्रशासन पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए तैयारियों में जुट गया है। मतगणना कार्मिकों को 29 अप्रैल को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें मतगणना की बारीकियों से अवगत कराएंगे। कुल 900 कार्मिकों को दो चरणों में प्रशिक्षण मिलेगा। मास्टर ट्रेनर वोटों की गिनती के लिए मतगणना कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों से रू-ब-रू कराएंगे।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना दो मई को है। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, बीडीसी सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों का भाग्य बैलेट बॉक्स में बंद है। मतपेटियों को संबंधित ब्लॉक के स्ट्रॉंग रूम में रखा गया है। जिले में छह जगहों पर मतगणना होगी। उनकी सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी हो रही है। बाहरी व्यक्तियों का हस्तक्षेप पूरी तरह खत्म है। राजकीय इंटर कॉलेज में 29 अप्रैल को मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मास्टर ट्रेनर संबंधित कार्मिकों को दो चरणों में प्रशिक्षित करेंगे। सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल ने बताया कि 29 अप्रैल को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्मिकों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतगणना का प्रशिक्षण अति संवेदनशील काम है। इसमें किसी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी।
मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण 29 अप्रैल को है। राजकीय इंटर कॉलेज में वोटों की गिनती के तरीके के बारे में बताया जाएगा, मतगणना कार्मिक राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों से रूबरू होंगे। चंद्रशेखर शुक्ल, सीडीओ