संभल/हसनपुर। मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबे बनाए जा रहे गंगा एक्सप्रेसवे पर इस साल के अंत तक वाहन दौड़ने लगेंगे। अमरोहा और संभल में एक्सप्रेसवे का 90 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। प्रदेश के इस सबसे लंबे एक्सप्रेसवे के शुरू हो जाने से स्थानीय व्यापार, कृषि और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। दिल्ली, लखनऊ और प्रयागराज का सफर करना आसान होगा।
संभल से दिल्ली और उत्तराखंड की राह होगी आसान
संभल जिले में 38 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के लिए दो जंक्शन बनाए गए हैं। इसमें एक जंक्शन खिरनी और दूसरा लहरावन में बनाया है। इन दोनों जंक्शन पर आठ टोल बूथ का काम चल रहा है। जिले में संभल तहसील क्षेत्र के गांव ततारपुर संदल से गंगा एक्सप्रेस वे शुरू हुआ है और चंदौसी तहसील के गांव नगलिया कठेर से होते हुए बदायूं जिले में प्रवेश कर रहा है। 38 किलोमीटर की दूरी में संभल तहसील के 17 गांव और चंदौसी तहसील के 14 गांव शामिल हैं। यहां खिरनी से प्रवेश कर दिल्ली के लिए वाहनों का आवागमन ज्यादा रहेगा। उत्तराखंड का ट्रैफिक भी वाया संभल होकर ही गुजरेगा। प्रोजेक्ट मैनेजर के मधुकर ने बताया कि संभल जिले में 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। जो 10 प्रतिशत काम बचा है, उसको भी जल्द पूरा करा दिया जाएगा।
संभल के इन गांवों से होकर गुजर रहा गंगा एक्सप्रेसवे
संभल तहसील के गांव सहरा, ततारपुर संदल, निबौरा, खिरनी मुजाहिद्दीनपुर, बसला, लहरशीश, बंजरपुरी, सुजातपुर, कसेरुआ, भटौला, अझरा, ईसापुर सुनवारी, बहादुरपुर उर्फ सराय, रसूलपुर धतरा, करीमपुर, चिरौली भगवंतपुर गांव से होकर एक्सप्रेस-वे गुजरेगा। चंदौसी तहसील में गंगा एक्सप्रेस वे बल्लमपुर, किरारी, अतरासी, मिर्जापुर अख्तारा, धर्मपुर निकट ढाढोल, राजपुर, बिसारू, लहरावन, अचलपुर, मझोला, रायपुर, फत्तेहपुर समशोई, नगलिया कठेर गांव से होकर गुजरेगा।
कोट
कार्यदायी संस्था ने 30 जून तक निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कहा है। इसकी समीक्षा की जा रही है। उम्मीद है कि कार्यदायी संस्था तय समय पर कार्य को पूरा कर सकती है।
- डॉ. राजेंद्र पैंसिया, डीएम, संभल
अमरोहा में 24 गांव में यातायात सुगम होने से होगा फायदा
अमरोहा की हसनपुर तहसील क्षेत्र में एक्सप्रेसवे की दूरी 32.6 किमी है। अमरोहा जिले में गंगा एक्सप्रेसवे का लगभग 23.6 किमी हिस्सा हसनपुर तहसील के 24 गांवों से होकर गुजरता है। यहां भी काम अंतिम चरणों में है। गांव मंगरौला में एक्जिट प्वाइंट पर टोल बूथ बनाए गए हैं। एक्सप्रेसवे न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि औद्योगिक गलियारों के विकास को भी बढ़ावा देगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। क्षेत्र के समग्र विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे राज्य के विभिन्न हिस्सों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
हसनपुर क्षेत्र के इन गांवों से होकर गुजरेगा गंगा एक्सप्रेसवे
अकबरपुर शर्की, कुआडाली, पंडका, चक गुलाम अंबिया, सकतपुर करनपुर, मिर्जापुर डूंगर, गौरबपुर उर्फ रुस्तमपुर, पिपलौती खुर्द, पिपलौती मुस्तकम, रुखालू, शकरौली, मंगरौला, दौलतपुर कला, सूमाठेर, तरारा, मकनपुर शर्की, राजपुर, सांपा, उझारी, पाइंदापुर आदि।
अमरोहा में रोशनी से जगमग होगा गंगा पुल
अमरोहा में हसनपुर तहसील के गांव पिपलोती से जनपद हापुड़ को जोड़ने के लिए एक किलोमीटर का गंगा पुल तैयार हो गया है। पुल पर दोनों तरफ स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रहीं हैं, जो रात में जगमग रहेंगी। इससे गंगा का पुल अपने आप में आकर्षण का केंद्र बन जाएगा।
अमरोहा में गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यहां पर कार्य अंतिम चरण में है। अगले करीब दो माह में कार्य पूरा होने की उम्मीद है। जल्द ही एक्सप्रेसवे पर वाहन दौड़ने शुरू हो जाएंगे। - अशोक मोगा, एक्सईएन गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण, मेरठ से बदायूं तक