मंडी धनौरा/बछरायूं। पालीथीन के उपयोग व बिक्री को बैन करने के बाद उसको जब्त करने निकली नगर पालिका की टीम के साथ व्यापारियों की जमकर नोंकझोंक हुई। हंगामे के बाद टीम खाली हाथ लौट गई। हालाँकि कुछ दुकानों से टीम ने पालीथीन जब्त की।
नगर धनौरा में पालिका कर्मचारियों ने पालीथीन जब्त करने के लिए दुकानों पर छापेमारी की। कई दुकानों पर पालीथीन मिलने पर उसको जब्त कर लिया गया। नगर के दक्षिणी फाटक के पास स्थित डिसपोजल क्राकरी बेचने वाले थोक दुकानदार के यहां थर्मोकाल आदि की सामग्री पाए जाने पर पालिकाकर्मी उसे जब्त करने लगे। सूचना मिलने पर व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के पदाधिकारी पहुच गए। उनकी टीम के साथ जमकर नोंकझोंक हुई। व्यापारियों का कहना था कि थर्मोकाल आदि के लिए सरकार ने 15 अगस्त की तारीख तय कर रखी है। एसडीएम व ईओ से वार्ता के बाद टीम वापस लौट गई। वही बछरायूं में ईओ राजीव कुमार ने टीम के साथ दुकान दुकान जाकर पालीथीन बैन की जानकारी देते हुए उसका उपयोग व बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी।