गजरौला। सामूहिक विवाह समारोह में सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर ने 151 बेटियों का कन्यादान किया। समारोह में पहुंची बारातों का स्वागत ढोल नगाड़ों के साथ किया गया। इस खुशनुमा माहौल में विवाह की सभी रस्में निभाई गई तथा सभी ने एक दूसरे के साथ सुख दुख में रहने का वादा किया। सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर ने सभी बारातियों का गेट पर खड़े होकर स्वागत किया।
रविवार को वसंत पंचमी के पर्व पर झनकपुरी में अमरोहा सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर के फार्म हाउस पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम हुआ। इस समारोह में 151 जोड़े शादी के बंधन में बंध गए। सभी की शादी में घरेलू सामान, नगद के रूप में कन्यादान स्वयं सांसद ने दिया। कार्यक्रम को रोचक व शादी का माहौल देने के लिए गीत संगीत व लोक गीतों की प्रस्तुति चलती रही। कुछ कलाकारों ने डांस भी किया। शादी समारोह में बारात स्वागत, जयमाला कार्यक्रम, फेरे, कन्यादान आदि सभी रस्मों को निभाया गया। शादी में आए बारातियों व खास मेहमानों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई थी।
इस मौके पर प्रमुख रूप से पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी सरिता सिंह, विधायक राजीव तरारा, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, लोकसभा प्रभारी राजेंद्र सिंह, लोकसभा संयोजक डॉ. ऋषिपाल नागर, किसान मोर्चा जिला प्रभारी चौधरी भूपेंद्र सिंह, दिल्ली से चौधरी प्रदीप खारी, चौधरी महेंद्र कुमार भीम, चौधरी सुनील कुमार, चौधरी सुरेश कुमार, चौधरी विनोद कुुमार आदि रहे। डीएम हेमंत कुमार व एसपी विपिन ताडा भी पहुंचे।
बाहर पार्किंग की व्यवस्था को यातायात रहा वनवे
गजरौला। सामूहिक विवाह समारोह में करीब 25 हजार लोग मौजूद रहे। सुबह से ही शादी के लिए बारात के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। आने वाले वाहनों के लिए हाईवे किनारे खाली स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई। यातायात व सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। झनकपुरी फार्म हाउस के सामने सुबह से ही यातायात को वनवे कर दिया गया था। ताकि जाम जैसी स्थिति का सामना न करना पड़ा।