अमरोहा। कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में अव्यवस्था देख मंत्री का पारा चढ़ गया। स्टाफ को जमकर फटकार लगाई। साफ-सफाई के निर्देश दिए। बाहर की दवा लिखने की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने डॉक्टरों को जमकर लताड़ा। ऐसे डॉक्टरों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्टाफ में हड़कंप मच गया। वहीं कैबिनेट मंत्री ने बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं ठीक करने के निर्देश दिए।
शनिवार को कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान को मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पहुंचना था। लेकिन इससे पहले करीब साढ़े ग्यारह बजे वह अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान उन्हें अस्पताल में खामियां मिलीं। एक व्यक्ति ने पंद्रह दिन से भर्ती नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने इमरजेंसी, जनरल वार्ड और एसएनसीयू का निरीक्षण किया। ओपीडी में डॉक्टरों से जानकारी ली। वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत की। एसएनसीयू में नवजात शिशुओं का हाल जाना। कैबिनेट मंत्री ने मरीजों से पूछा कि दवाएं बाहर से तो नहीं लिखी जातीं, डाक्टर समय पर देखने आते हैं या नहीं। इस पर मरीजों ने डाक्टरों के बाहर से दवा लिखने का आरोप लगाया। यह सुनकर कैबिनेट मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने सीएमएस के बारे में पूछा तो स्टाफ ने छुट्टी पर बताकर बरगला दिया। वहीं जिला अस्पताल में कैबिनेट मंत्री के अचानक निरीक्षण की बात सूचना सीएमओ डा. रमेशचंद्र शर्मा भी पहुंच गए। अस्पताल में अव्यवस्था देख कैबिनेट मंत्री में डाक्टर और अन्य स्टाफ को जमकर फटकार लगाई। सीएमओ को बाहरी दवा लिखने वाले डाक्टरों पर कड़ी कार्रवाई करने के करने के निर्देश दिए। बिना वर्दी देखकर कैबिनेट मंत्री ने डाक्टरों को आइंदा एप्रन और नेमप्लेट में रहने की हिदायत दी। अस्पताल में जगह-जगह पसरी गंदगी और अव्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।