तिगरीधाम। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के लिए उत्तर भारत के ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बृहस्पतिवार की मध्यरात्रि से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला शुक्रवार की देरशाम तक चलता रहा। इस दौरान पूरा मेला क्षेत्र मां गंगा के जयघोष से गूंजता रहा। गंगा की रेती में चारों ओर श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आ रहे थे। मेले में करीब 18 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया और मां गंगे को नमन कर आशीर्वाद मांगा।
स्नान के बाद हवन पूजन किया और गंगा में पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं के डेरे उखड़ने शुरू हो गए और कारवां घरों की ओर वापस लौटने लगा। बृहस्पतिवार रात से ही नेशनल हाईवे से लेकर तिगरी गंगा धाम मेले तक वाहनों की लाइन लगी रही। रात भर श्रद्धालुओं को लेकर वाहन फर्राटा भरते रहे।
कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान के लिए जिले समेत आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का रेला पुण्य लाभ के लिए तिगरी की ओर बढ़ा था। इससे दूधिया रोशनी में नहाए मेला क्षेत्र की गंगा की रेती पर पैर रखने तक को जगह हाथ नहीं आ रही थी। हर तरफ उल्लास का माहौल था, तमाम लोगों ने रात में ही स्नान करना शुरू किया, मगर भोर के बाद हर कोई गंगा में स्नान करने की आपाधापी में रहा। पूरे दिन गंगा में श्रद्धालुओं के गोते लगाने का सिलसिला जारी रहा। मुख्य स्नान के बाद खिचड़ी भोज हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने घरों की ओर रुख किया।
यातायात व्यवस्था को पुलिस रही चौकन्नी
मेले में हर साल भारी जाम की स्थिति से जूझना पड़ता है। लेकिन इस बार मुख्य स्नान के बाद घर लौटने के लिए भीड़ जरूरी लगी रही है। भारी जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। वजह हर नुक्कड़ चौराहे पर पुलिस व्यवस्था दुरुस्त रही है। साथ ही मेले से लौटने वाले वालों को लाइन से होकर आगे जाने दिया।
कैबिनेट मंत्री ने लिया जायजा
कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने नाव से तिगरीधाम में मुख्य स्नान के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा कर्मियों के साथ मोटर मोटरवोट से गंगा में भ्रमण किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने समर्थकों के साथ स्नान कर खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया।
इस बार वीआईपी ने प्रमुख रूप से किया स्नान
तिगरी गंगा धाम मेले में पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता चौधरी, विधायक राजीव तरारा, भाजपा किसान मोर्चा जिला प्रभारी चौधरी भूपेंद्र सिंह के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों में आईजी विनोद कुमार, डीएम हेमंत कुमार, एसपी विपिन ताडा, मेला मजिस्टेट आदि प्रमुख रूप से रहे। सभी ने स्नान कर पुण्य लाभ कमाया।