तिगरीधाम। मुख्य स्नान से पूर्व गुरूवार को तिगरीधाम मेले में मौजूद श्रद्धालुओं का रेला गंगा घाटों पर स्नान के लिए उमड़ पड़ा। दिन भर स्नान का सिलसिला जारी रहा। मेले में पहुंचे श्रद्धालु पिकनिक मना रहे है और मेले का भरपूर आनंद ले रहे है। सामान की जमकर खरीददारी कर रहे है।
तिगरीधाम मेले में शुक्रवार को मुख्य स्नान है। मेले में कई लाख श्रद्धालु पहुंच चुके है। गुरूवार को सुबह से ही मेले में मौजूद श्रद्धालुओं का स्नान शुरू हो गया। दिन भर स्नान जारी रहा। गुरूवार को तिगरीधाम मेले में स्थित चारों विशाल घाटों पर पैर रखने तक को जगह नहीं मिली। मेले में श्रद्धालु डेरों से निकलकर परिवार सहित घाटों का रूख किया। गंगाजल में घंटो स्नान का आनंद लिया और मस्ती की। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा मैया का पूजन किया और सूर्यदेव को अर्ध्य दिया।
पिकनिक का ले रहे आनंद
तिगरीधाम। तिगरीधाम मेले में पहुंचे श्रद्धालु पिकनिक मना रहे है। पिछले एक सप्ताह से श्रद्धालु मेले में डेरा डालकर परिवार सहित रहे है। गंगा में स्नान के साथ साथ बाजार में जमकर खरीददारी कर रहे है। महिलाएं सौंदर्य प्रसाधन का सामान खरीद रही है, तो बच्चे खेल खिलौने खरीदने में जुटे है। दिन भर खेल, मस्ती, खरीददारी और आराम का दौर चल रहा है। मेले का श्रद्धालु जमकर आनंद ले रहे है।
झूला बच्चों की पहली पसंद
तिगरीधाम। मेले में दो बड़े झूले लगे है। दोनों झूलों पर बच्चों व बड़े खूब झूल रहे है। बच्चे खासतौर से झूलों का आनंद ले रहे है। इसके अलावा ड्रैगन ट्रेन, जंपिंग स्टैँड, छोटे झूले का आनंद लिया जा रहा है।
काला जादू कैंप में जुट रही भीड़
काला जादू दिखाने वाले शिविर में खूब भीड़ जुट रही है। युवती को गायब करना जैसे हैरतअंगेज कारनामे दिखाएं जा रहे है। इसके अलावा हाथ की सफाई से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया जा रहा है।
मौत के कुएं में हो रहे स्टंट
तिगरीधाम। मेले में लगे मौत के कुए में हैरतअंगेज स्टंट हो रहे है। एक साथ तीन बाइक व एक कार दौड़ती हुई, किसी को भी दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर कर दे रही है। कार में चालक सीट से उठाकर खिड़की में बाहर की ओर बैठ जाता है। ऊपर की ओर खड़े दर्शकों से हाथों से रूमाल, नोट व अन्य सामान हाथ से झटकना उनके बाएं हाथ का खेल है।
स्काउट गाइड ने सैकड़ों को अपनों से मिलवाया
तिगरीधाम। तिगरीधाम मेले में बिछड़े बच्चे व बड़ों को अपनों को मिलवाया। एनाउंसमेंट होता रहा। स्काउट गाइड सदर चौक, सदर गंगा घाट गेट व अन्य स्थानों पर व्यवस्था बनाने में भी जुटी रही। मेला उद्घाटन से ही स्काउट गाइड लगातार अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद है।