सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर से उनके फुफेरे बहनोई और उसके परिजनों ने मकान बेचने का झांसा देकर छह लाख रुपये हड़प लिए। जान से मारने की नियत से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर पर फायरिंग भी की। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जोया के मोहल्ला चौधरियान में सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर शौकीन अहमद का परिवार रहता है। उनका बेटा तैयब भी पुलिस में सिपाही था, लेकिन उसने आत्महत्या कर ली थी। लिहाजा सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर शौकीन ने तैयब के बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए फुफेरे बहनोई नसीम अहमद से अमरोहा शहर के लकड़ा ईदगाह स्थित मकान सात लाख रुपये में खरीदना तय किया था। 21 अगस्त 2024 को कुछ लोगों के सामने छह लाख रुपये बतौर बयाना दे दिए थे। इसके बाद इंस्पेक्टर शौकीन ने मकान पर अपना कब्जा कर ताला डाल दिया था। जबकि, नसीम अहमद ने दिसंबर के आखिर में मकान का बैनामा कराने की बात कही थी।
लेकिन, बाद में शौकीन अहमद और उसके परिवार वालों का व्यवहार बदल गया। वह लोग मकान का ताला खोलने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित शौकीन ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो नसीम और उसके परिवार वाले नाराज हो गए। नसीम व उसके परिवार वालों ने मकान का बैनामा कराने से भी इन्कार कर दिया। पीड़ित इंस्पेक्टर ने इसका विरोध किया तो 27 जनवरी की शाम आरोपी नसीम और उसके बेटे अरमान बाइक से पीछा किया और जान से मारने की नीयत से तमंचा निकालकर फायर कर दिया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में नसीम, बेटे अरमान और पत्नी अन्नो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।