अमरोहा। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नगर पालिका में शामिल 45 गांव में विकास कार्य कराए जाने की कवायद शुरू हो गई है। सबसे पहले ढाई करोड़ रुपये से सभी गांव में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। शहर की तरह गांव भी जगमग हो उठेंगे। इसके अलावा 1. 11 करोड़ रुपये से नौ मोहल्ले में सड़क-नालियों का जाल बिछाया जाएगा। विकास कार्यों के लिए धनराशि अवमुक्त हो गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के तुरंत बाद कार्य शुरू हो जाएंगे।
नगर पालिका के सीमा विस्तार में पंचायत राज विभाग की 21 ग्राम पंचायतों के 45 गांव शामिल किया गया है। जिसके बाद नगर पालिका का दायरा बढ़कर 40 वार्डों में विभाजित हो गया। निकाय चुनाव के दौरान पहली बार गांव से शहरी हुए करीब 60 हजार लोगों ने अपना वोट डाला। अब नगर पालिका इन ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने की तैयारी में हैं। लोगों के लिए सड़क, नाली, बिजली और पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था मिलेगी। इसके लिए नगर पालिका ने छह करोड़ रुपयों की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी थी। जिसमें में नगर पालिका को कुछ धनराशि मिल गई है। 15वें वित्त आयोग से मिली धनराशि में से ढाई करोड़ की स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसके लिए अंडरग्राउंड केबिल बिछाया जाएगा। नगर पालिका की ओर से पैंतालीस गांवों को छह वार्डों में बांटा है। इन वार्डों में साफ-सफाई के लिए दो-दो गार्बेज ई-रिक्शा लगाए जाएंगे। इसके अलावा 1100-1100 लीटर के सूखा-गीला कूड़े के लिए डस्टबिन रखना जाएंगे।
-
सीमा वितारित क्षेत्र में फिलहाल इन सड़क-नालियों का होगा निर्माण
- मीरा सराय में आर्यन सिंह के मकान से जयपाल के मकान तक सीसी सड़क और नाली निर्माण का कार्य।
- गुलड़िया गांव में बलवंत सिंहं के मकान से मुन्नू सिंह के मकान तक सीसी सड़क व नाली निर्माण कार्य।
- बम्बूगढ़ पंडकी में सरदार की चक्की से जबर सिंह के मकान से होते हुए जोया रोड तक सीसी सड़क व नाली निर्माण।
- हुसैनपुर गांव में फिरोज के मकान से मुजाहिद के मकान तक सीसी सड़क व नाली निर्माण का कार्य।
- मौहल्ला पुष्कर नगर में नई सड़क से रेलवे स्टेशन तक और धमेंद्र सिहं बिजली विभाग वालों की गली में सीसी सड़क व नाली निर्माण।
- मौहल्ला सोनागढ़ शास्त्री नगर में तुषार के मकान से जयश्री के मकान तक सीसी सड़क व नाली निर्माण का कार्य।
- हुसैनपुरा गांव से महेंद्र सिंह जाटव के मकान से ओम प्रकाश के मकान तक सीसी सड़क व नाली निर्माण कार्य।
- अहमदगढ़ में नरेश के मकान से वीर सिंह के मकान तक, ओमवीर सैनी के मकान से पिंटू के मकान तक सीसी सड़क व नाली निर्माण कार्य।
- मौहल्ला सोनागढ़ में जितेंद्र कुमार के मकान से चरन सिंह के मकान तक सीसी सड़क निर्माण का कार्य।
नोट: इन सड़क और नालियों का निर्माण 1 करोड़ 11 लाख 37 हजार रुपये की लागत आएगी।
अब इन गांवों की बदलेगी सूरत
खालकपुर खुर्द, कलाली, दुर्गपुर, मिलक मोहम्मदी, मोहनपुर नाजिब जनूब, अमरोहा देहात, गुलड़िया, अलहेदादपुर खुर्द, मीरा सराय, सलेमपुर हेमनगर, हुसैनपुर निकट मालीखेड़ा, अली मोहम्मदपुर, मकसूदपुर, पंडकी, चक पंडकी, रायपुर खुर्द, रामपुर घना, दासीपुर, पचोकरा मेहरबान अली, उमरपुर, केशोपुर, एवजबाद, पिलक सराय, नाजरपुर खुर्द, पट्टी रायपुर कला, रायपुर कला, उकसी, अहरोई, मिलक बिकनी, हाशमपुर, महुवा, दूल्हापुर, दाऊसराय, पंजू सराय, जलालपुर नरायन, फाजलपुर, रजाकपुर, मोहम्मदपुर भूड़ा, अकबरपुर पट्टी, महमूदपुर जत्ती, फरीदपुर घोसी, मकनपुर कस्बा सईद, चकगढ़मल गांव शामिल हैं।
-
नगर क्षेत्र के इन तालाबों का होगा सुंदरीकरण
- उमरपुर स्थित तालाब का सुंदरीकरण व पुनरोद्धार का कार्य
- हुसैनपुर स्थित तालाब का सुंदरीकरण व पुनरोद्धार का कार्य
- मसूदपुर नवादा स्थित तालाब का सुंदरीकरण व पुनरोद्धार का कार्य
- रायपुर खुर्द स्थित तालाब का सुंदरीकरण व पुनरोद्धार का कार्य
- गुलड़िया स्थित तालाब का सुंदरीकरण व पुनरोद्धार का कार्य
शहर में इन पार्कों की सूरत बदलने की तैयारी
- कलक्ट्रेट के सामने वाले दोनों पार्क
- जिला जज आवास के सामने वाला पार्क
- आवास विकास प्रथम व द्वितीय कॉलोनी के दोनों पार्क
-
इन कार्यों की योजना भी तैयार, धनराशि मिलने का इंतजार
- मार्ग निर्माण एवं जल निकासी के लिए नाला/नाली निर्माण
- सड़कों के निर्माण से पहले विद्युत/टेलीफोन के तारों को अंडरग्राउंड डालने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर डक्ट निर्माण
- जलापूर्ति व्यवस्था
- स्ट्रीट लाइट का कार्य
- लाभार्थी परक सेवाएं
- मुख्य व्यापारिक क्षेत्र का विकास एवं सौन्दर्यीकरण
- प्रमुख चौराहों का विकास एवं सौन्दर्यीकरण
- पार्क एवं ओपन स्पेस का विकास
- कायाकल्प के तहत विद्यालय,आंगनबाड़ी केंद्र में कार्य
सीमा विस्तार के दौरान नगर पालिका में शामिल हुए 45 गांवाें ढाई करोड़ से स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। जबकि नौ गांव-मोहल्लों में 1.11 करोड़ सड़क नाली बनाई जाएंगी। दो से चार दिन में कार्य शुरू कराए जाएंगे। -डॉ. बृजेश सिंह, ईओ अमरोहा