अमरोहा। किसानों से धान की खरीद की जा रही है। अब तक 11,858 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है लेकिन भुगतान की स्थिति बेहद खराब है। खाद्य और विपणन विभाग पर किसानों का 4.50 करोड़ रुपये बकाया है। भुगतान के लिए किसान क्रय केंद्रों का चक्कर काट रहे हैं लेकिन भुगतान कब होगा। इसके बारे में कोई नहीं बता रहा है। धान की कीमत नहीं मिलने से किसान परेशान है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने धान खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया है। इसके तहत क्रय एजेंसी हरकत में हैं। फिलहाल लक्ष्य से अधिक धान खरीदे जा चुके हैं। जिले में 25 क्रय केंद्रों में धान की खरीदारी चल रही है। क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। अब तक 2,721 किसानों ने धान बेच दिया है। जिले में 7,300 मीट्रिक टन खरीद के सापेक्ष 11,858 मीट्रिक टन खरीदा जा चुका है। जिला खाद्य विपणन विभाग की ओर से किसानों को भुगतान किया जा रहा है लेकिन भुगतान में सुधार नहीं आ सका है। किसानों का 4.50 करोड़ रुपये बकाया है। धान की कीमत के लिए किसान क्रय केंद्रों में आ रहे हैं। उन्होंने कहा है कि आर्थिक तंगी हो रही है। धान बेच दिए हैं लेकिन कीमत नहीं मिल सकी है।