अमरोहा। मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार योजना में ग्राम पंचायतों की ओर से 35 आवेदन किए गए हैं। प्रदेश स्तर पर चयनित प्रत्येक ग्राम पंचायत को 50 लाख रुपये की धनराशि पुरस्कार के रूप में दी जानी है।
प्रदेश में पहली बार शुरू की गई मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार योजना के तहत 15 सितंबर से आवेदन मांगे गए थे। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई थी। फिर इसकी अंतिम 10 अक्तूबर कर दी गई। जिले से प्राप्त 35 आवेदनों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे जाएंगे। इसके बाद शासन स्तर से तय मानकों के आधार पर ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा।
पूरे प्रदेश में केवल दस ग्राम पंचायतों को इस विशेष पुरस्कार के लिए चुना जाना है। योजना में घर-घर कचरा एकत्र करने, ग्राम पंचायत की स्वयं की आय बढ़ाने, कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से सार्वजनिक सेवाएं देने, आधार केंद्रों से सेवाएं उपलब्ध कराने, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त गांव और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों को शामिल किया गया है। इसके अलावा मेरा तालाब मेरी योजना में बेहतर कार्य, महिला नेतृत्व और सर्वाधिक जैविक कृषि करने वाली ग्राम पंचायतें भी पुरस्कार की श्रेणी में रखी गई हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि जिले से अभी तक 35 आवेदन प्राप्त हुए है।