प्लॉट खरीदने के नाम पर किसान से तीन लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। रकम मांगने पर आरोपी ने किसान को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
रजबपुर क्षेत्र के लंबिया गांव निवासी किसान पुष्पेंद्र सिंह की मुलाकात अमरोहा देहात क्षेत्र के लोदीपुर बंजारा निवासी दीपक कुमार से हुई थी। दीपक कुमार ने प्लॉट खरीदने के लिए किसान से तीन लाख रुपये उधार लिए थे। पुष्पेंद्र ने 13 जून 2022 को 1.95 लाख रुपये दीपक कुमार के खाते में ट्रांसफर कर दिए और 1.5 लाख रुपये नकद दिए थे। दो माह का समय बीतने के बाद पुष्पेंद्र सिंह ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी बहाने बनाने लगा।
साथ ही दीपक ने अपने खिलाफ मेरठ में मुकदमा होने की बात कहकर और समय मांगा। पुष्पेंद्र ने रकम वापस करने के लिए ज्यादा दबाव बनाया तो दीपक गाली-गलौज करने लगा। जान से मारने की धमकी दी और रुपये लौटाने से इन्कार कर दिया। पुष्पेंद्र ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा, उन्होंने न्यायालय की शरण ली। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में न्यायालय के आदेश पर दीपक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।