अमरोहा। जिले में डेंगू और बुखार ने कहर बरपा कर रख दिया है। कई दिनों से फैल रहे बुखार के प्रकोप से लोगों में दहशत व्याप्त है। बुधवार को फिर डेंगू के 27 मरीज मिले हैं। सरकारी अस्पतालों में 308 मरीज बुखार से पीड़ित मिले हैं। पीड़ितों ने बताया कि स्वास्थ्य महकमे की लापरवाही के कारण बीमारियों के रोकथाम के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार से पीड़ितों की कतार प्रतिदिन लगती है।
जिले में लगातार पैर पसारती डेंगू की बीमारी बेकाबू हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशों के बाद भी रोजाना नए मरीज सामने आ रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय अग्रवाल के मुताबिक जिले के सरकारी अस्पतालों में जांच के दौरान बुधवार को एक बार फिर से डेंगू के 27 मरीज मिले हैं। उन्होंने बताया कि बुखार के 308, डायरिया के 31, टायफाइड के छह मरीज मिले हैं। कोविड-19 जांच के लिए 1447 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य टीमों को गांव-गांव भेजकर जांच कराई जा रही है। साथ ही उन्हें नि:शुल्क दवाई का वितरण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था है। सीएमओ ने लोगों से स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने घर के आसपास सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी है।