अमरोहा। मुठभेड़ के दौरान नगर कोतवाली पुलिस ने 25 हजार के इनामी जीशान को गिरफ्तार कर लिया। वह हत्या की कोशिश के मुकदमे में वांछित चल रहा था। जीशान नगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ एनएसए और गैंगस्टर समेत डेढ़ दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह ने जीशान की गिरफ्तारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एसपी पूनम के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। सीओ सिटी सतीश पांडेय के नेतृत्व में अमरोहा नगर इंस्पेक्टर आरपी शर्मा फोर्स के साथ नौगांवा सादात रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
तभी पुलिस कर्मियों ने हत्या की कोशिश के मुकदमे में वांछित जीशान निवासी मोहल्ला काली पगड़ी जाफरी को देखा। पुलिस ने उसके पकड़ने की कोशिश की तो वह पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगा। इस दौरान उसने तमंचा लोड कर दूसरा फायर करने का प्रयास किया। गनीमत रही कारतूस मिस हो गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो कारतूस, एक मिस कारतूस और एक खोखा बरामद हुए। उसके खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। एसपी के मुताबिक जीशान नगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर भी है। जबकि उसके खिलाफ एनएसए, शस्त्र फैक्टरी, गैंगस्टर, मादक पदार्थों की तस्करी, पुलिस मुठभेड़ सहित सत्रह मुकदमे दर्ज हैं। जीशान कुछ दिन पहले रासुका के अपराध में जेल जा चुका है।