अमरोहा। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में सर्किल दरों में 10 प्रतिशत, विकासशील क्षेत्रों में आवासीय व कृषि भूमि की दरों में 15 प्रतिशत तथा नगरीय, लघुत्तर नगरीय और अर्धनगरीय क्षेत्रों में 20 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित है। राष्ट्रीय व राज्यमार्गों से लगे गांवों में कृषि व अकृषिक भूमि की दरों में पांच से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।
डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि जनहित में वृक्षों और निर्माण की दरों में कोई वृद्धि प्रस्तावित नहीं की गई है। गंगा एक्सप्रेसवे के दायरे वाले सभी 52 राजस्व ग्रामों की दरों में अंतर कम कर आसपास के गांवों के अनुरूप करने का प्रयास किया गया है। धनौरा तहसील के देहरा घनश्याम में करीब 48 और बल्दाना असगर अली में 40 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित है। हसनपुर तहसील के रूखालू, सकरौली और गुलामपुर में तीन साल से सर्किल रेट नहीं बढ़े थे। यहां करीब 30 प्रतिशत बढ़ोतरी प्रस्तावित है।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में मीडिया से बातचीत में डीएम ने बताया कि किसान संगठनों से भी चर्चा की गई है और उन्होंने प्रस्ताव को उचित बताया है। असमान दर वाले गांवों के रेट को समतुल्य करने का प्रयास किया गया है। 25 अगस्त शाम पांच बजे तक आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण एक से तीन सितंबर तक होगा। इसके बाद प्रस्तावित दरें लागू की जाएंगी। नए सर्किल रेट से जिले के करीब ढाई लाख किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
...........
इन गांवों में नहीं बढ़े सर्किल रेट
मंगरौला, रुस्तमपुर खादर, दौलतपुर और इमरतपुर में सर्किल रेट नहीं बढ़ाए गए हैं। यहां से औद्योगिक गलियारा निकाला जा रहा है और जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई चल रही है।
.........
प्रस्तावित सर्किल रेटों की दर ठीक है। हालांकि कुछ जगह असमानता को लेकर संगठन डीएम से मिलेगा और अपनी ओर से आपत्तियां दर्ज कराएगा। किसानों को अधिक से अधिक फायदा होना चाहिए।
-दिवाकर, राष्ट्रीय अध्यक्ष भाकियू शंकर