अमरोहा। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क व अन्य विकास कार्यों के साथ सार्वजनिक स्थलों के निर्माण और सुंदरीकरण पर भी जोर दिया जा रहा है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने 26 गांवों में आंबेडकर पार्क और एक गांव में महाराणा प्रताप पार्क समेत 27 कार्यों की तैयारी शुरू की है। इन पर करीब 2.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
योजना में पार्कों की चारदीवारी, इंटरलॉकिंग, ग्रिल, मूर्ति स्थापना, मरम्मत और सुंदरीकरण के कार्य शामिल हैं। फत्तेहपुर अब्बू, तोफापुर, सोहत, सहेलिया, कालाखेड़ा, अगरौला कलां, लुहारी खादर, वासीपुर, अख्तयारपुर भूड़, चकनवाला, कलाली, शेरपुर, मोहसनपुर, कांकाठेर, गंगाचोली और चंदनपुर समेत अन्य गांवों में कार्य प्रस्तावित हैं।
अतरासी चौराहा अहमदपुर देवीपुरा में आंबेडकर पार्क की चारदीवारी व मूर्ति की छत, अदलपुर समदू में चारदीवारी व इंटरलॉकिंग, मानकजुड़ी और हादरपुर में चहारदीवारी व मूर्ति स्थापना होगी। भीकनपुर मुंडा व जयतौली में सौंदर्यीकरण और जलालपुर घना में चहारदीवारी, ग्रिल व मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।
-
महाराणा प्रताप पार्क का भी होगा सुंदरीकरण
गंगेश्वरी विकासखंड के आदमपुर गांव में महाराणा प्रताप पार्क के सुंदरीकरण और अन्य कार्य के लिए 10 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं शहबाजपुर डोर में आंबेडकर पार्क की बाउंड्री और मूर्ति स्थापना के लिए 4.29 लाख रुपये का कार्य प्रस्तावित है। मानकजूड़ी में 4.837 लाख और सुल्तानपुर में 9.48 लाख रुपये की अनुमानित लागत से कार्य कराया जाना है।
-
90 दिन में पूरे करने होंगे काम
अधिकांश कार्यों की अनुमानित लागत 10 लाख रुपये तक है और निविदा शर्तों के अनुसार कार्य पूर्ण करने की अवधि 90 दिन रखी गई है। निविदा बिक्री 13 अक्तूबर से शुरू होगी और 21 अक्तूबर दोपहर 12 बजे तक चलेगी। निविदाएं 22 अक्तूबर दोपहर 12 बजे तक जमा की जा सकेंगी। इसी दिन अपराह्न तीन बजे ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के प्रखंड कार्यालय में निविदाएं खोली जाएंगी।