अमरोहा। ग्राम पंचायतों में राशन वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 225 नए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इन भवनों में सरकारी राशन की दुकानों का संचालन किया जाएगा। विकसित भारत ग्राम्य योजना (वीबीजीआरवाई) के तहत निर्माण कार्य होगा।
जिले में कुल 576 ग्राम पंचायतें हैं। शासन की योजना के तहत राशन की दुकानों को निजी भवनों से हटाकर ग्राम समाज की भूमि पर बने सरकारी अन्नपूर्णा भवनों में संचालित किया जा रहा है। वर्ष 2023-24 से इस योजना पर काम चल रहा है। वर्ष 2023-24 में 66 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण मनरेगा के तहत कराया गया था। इसके बाद वर्ष 2024-25 में 70 तथा वर्ष 2025-26 में 68 भवनों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई। इनमें 63 भवनों का निर्माण जारी है, जबकि पांच भवनों का निर्माण विभिन्न कारणों से रुका हुआ है। अधिकारियों को इन्हें शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में जोया, हसनपुर, गंगेश्वरी और अमरोहा ब्लॉक में 38-38, गजरौला में 36 तथा धनौरा ब्लॉक में 37 अन्नपूर्णा भवन बनाए जाएंगे। भवन निर्माण के लिए तहसील स्तरीय चयन समिति ग्राम पंचायतों में उपयुक्त भूमि का चयन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराएगी। इसके बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी।
सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 225 अन्नपूर्णा भवन विकसित भारत ग्राम्य योजना के तहत बनाए जाएंगे। इसके लिए सभी एसडीएम को भूमि चयन कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्ताव प्राप्त होते ही निर्माण की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।