गजरौला। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खाद गूजर में स्वास्थ्य व्यवस्था राम भरोसे है। ग्रामीणों की शिकायत है कि आए दिन डॉक्टर अस्पताल से गायब रहते है। शनिवार को भी साढ़े तीन बजे से पहले ही अस्पताल गेट पर ताला लटका मिला।
दोपहर बाद अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को कभी कभी ही दवा मिल पाती है। खास बात यह है कि शनिवार को गांव में कैबिनेट मंत्री के आने की सूचना के बाद भी अस्पताल निर्धारित समय से पहले ही बंद कर दिया गया।
गांव खादगूजर व आस पास के गांव के लोगों के लिए उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बना हुआ है। एडिशनल पीएचसी पर एक एमबीबीएस चिकित्सक, फार्मेसिस्ट व वार्ड ब्वाय की तैनाती है।
सर्दियों के मौसम में सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक अस्पताल खुलने का समय है। शनिवार को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे अस्पताल के गेट पर ताला लटका था। आस पास के लोगों से पूछने पर मालूम हुआ है कि अस्पताल काफी देर पहले से बंद है।
ग्रामीणों का आरोप है कि चिकित्सक अस्पताल में बहुत कम आते है। फार्मेसिस्ट या वार्ड ब्वाय अस्पताल को खोलते है। वह भी समय से पहले ही गायब हो जाते है। बिना छुट्टी के भी अस्पताल बंद रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मामले की कई बार विभागीय अधिकारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मंत्री के आने का भी नहीं रहा भय
गांव खादगूजर स्थिति केएसके एकेडमी में प्रदेश स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ। समापन के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान थे। सभी को मंत्री के गांव में पहुंचने की सूचना था, इसके बाद भी अस्पताल स्टाफ निर्धारित समय से पहले ही अस्पताल पर ताला लगाकर गायब हो गया। उन्हें मंत्री के आने का भी कोई भय नहीं रहा।
--------------------------
अस्पताल के खुलने का समय शाम चार बजे तक है। यदि अस्पताल समय से पहले बंद हुआ था, तो इसको दिखाया जाएगा। मामले की जानकारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।- योगेंद्र सिंह, एमओआईसी गजरौला।