अमरोहा। जिले में बुखार और डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल में बुखार के 21, डायरिया के दो मरीज भर्ती हैं। वहीं, मंगलवार को ओपीडी में 1417 मरीज इलाज कराने पहुंचे।
मंगलवार सुबह से ही ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। मरीज को पर्चा बनवाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीजों को कई घंटों तक चिकित्सक कक्ष के बाहर लाइन में लगना पड़ा। वहीं, इलाज कराने के लिए मरीज इधर-उधर भटकते रहे। पैथोलॉजी लैब में भी खून की जांच करने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
मरीज खून की जांच करने के लिए फर्श पर बैठे दिखाई दिए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि अस्पताल के वार्ड में बुखार के 21 और डायरिया के 2 मरीज भर्ती हैं। ओपीडी में कुल 1417 मरीज पहुंचे। खांसी, जुकाम के अलावा डायरिया के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। बदलते मौसम में लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।