विकास कार्य नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने नहीं पिलवाई पोलियो की दवा
मंडी धनौरा। गांव में विकास कार्य नहीं कराए जाने से नाराज गांव रछौती खंडसाल के ग्रामीणों ने पोलियो दिवस का बहिष्कार किया। गुस्साए ग्रामीणों ने पोलियो की दवा पिलाने आए कर्मचारियों को स्कूल पर बैठने भी नहीं दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं, तब तक पोलियो की दवा नहीं पिलवाएंगे।
ग्राम पंचायत अख्तियारपुर भूड़ के गांव रछौती और खंडसाल के ग्रामीणों ने पोलियो अभियान का बहिष्कार किया। उनका आरोप था कि ग्राम प्रधान रछौती गांव में कोई विकास कार्य नहीं करा रहा है। रास्तों की स्थिति बेहद खराब है। बच्चों का स्कूल भी जाना बंद हो गया है। ग्रामीणों ने पानी की निकासी के लिए तालाब बनवाने, प्राथमिक विद्यालय में शौचालय की व्यवस्था कराने, गांव में सफाई कर्मचारी की तैनाती कराने आदि की मांग की। लेकिन, अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, ग्रामीणों के विरोध-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने एक न सुनी। आक्रोशित ग्रामीणों ने दवा नहीं पोलियो की दवा पिलवाई। इस मौके पर योगेश त्यागी, विमल कुमार, प्रमोद त्यागी, प्रदीप त्यागी, मोनू आदि मौजूद रहे।