अमरोहा। बाढ़ से फसल बर्बाद होने के बाद किसानों को मुआवजा मिलना शुरू हो गया है। सोमवार को धनौरा और हसनपुर तहसीलों में आयोजित कार्यक्रमों में 2084 किसानों के लिए 1,67,93,321 रुपये की राहत सहायता जारी की गई। धनराशि किसानों के बैंक खातों में ऑनलाइन भेजी जा रही है।
धनौरा में विधायक राजीव तरारा की अध्यक्षता में 1077 किसानों को 1.04 करोड़ रुपये, जबकि हसनपुर में विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी की अध्यक्षता में 1007 किसानों के लिए 63,93,321 रुपये जारी किए गए। यह सहायता फसल क्षति के सापेक्ष कृषि निवेश अनुदान के रूप में दी गई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञ पवन शुक्ला ने बताया कि सर्वेक्षण के अनुसार जिले में करीब 21 हजार किसान बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इनके लिए 9.49 करोड़ रुपये की सहायता की मांग शासन को भेजी गई थी। पहली किस्त का वितरण शुरू हो गया है, जबकि शेष किसानों को सहायता देने की प्रक्रिया आगे जारी रहेगी।