अमरोहा। प्रभारी यातायात ने गजरौला चौपला और जोया ओवर ब्रिज पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 160 वाहन चालकों के चालान किए। इस दौरान पुलिस ने बिना फिटनेस के संचालित पांच डग्गामार वाहनों को सीज कर दिया।
इन वाहनों के पास न तो फिटनेस प्रमाणपत्र था और न ही यात्रियों की सुरक्षा के मानक पूरे किए गए थे। इसके अलावा यातायात नियमों का पालन न करने वाले 160 वाहन चालकों के चालान काटे गए। इनमें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालक, बिना सीट बेल्ट चार पहिया वाहन चालक, प्रदूषण एवं बीमा प्रमाणपत्र न रखने वाले वाहन शामिल रहे।
प्रभारी यातायात ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें। वाहन के सभी कागजात पूरे रखें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना है।