फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: डेंगू संक्रमित तीन मरीजों के आसपास से 90 लोगों के लिए सैंपल

Tue, 26 Aug 2025 02:39 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा।
विज्ञापन

जिले में डेंगू के तीन मरीज मिल चुके हैं। निजी पैथोलॉजी लैब की जांच के बाद जिला अस्पताल की जांच में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। तीनों मरीजों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां उनकी सेहत में सुधार है। उधर, डेंगू के मरीज मिलते ही सेहत विभाग सतर्क हो गया है।
जिला अस्पताल में छह और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चार-चार बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। वहीं, डेंगू के मरीजों के आसपास के 50-50 घरों में से 90 लोगों की डेंगू की जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। अस्पतालों में पहुंचे रहे बुखार के मरीजों में डेंगू के लक्षण मिल रहे हैं। बरसात के बाद मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके चलते डेंगू और बुखार ने दस्तक दे दी है। पिछले दो दिन में डेंगू के तीन मरीज मिल चुके हैं।
विज्ञापन

अमरोहा नगर निवासी एक महिला को पिछले एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। उसने स्थानीय चिकित्सकों से इलाज कराया लेकिन आराम नहीं मिला। चिकित्सक की सलाह पर उन्होंने निजी लैब में जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं, जोया कस्बे निवासी एक मजदूर भी कई दिन से बुखार की चपेट में था। इलाज के बावजूद राहत नहीं मिलने पर लैब में जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि हुई।
गजरौला निवासी 12 वर्षीय बच्चे को भी पिछले एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। निजी लैब की जांच रिपोर्ट में उसमें डेंगू की पुष्टि हुई है। इधर, जोया ब्लाक क्षेत्र के ही दो व्यक्ति पहली जांच में डेंगू आशंकित निकले हैं। जिनकी एलाइजा जांच के लिए सैंपल लिया गया है। जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. सुधीर कुमार ने बताया कि निजी लैब की जांच में तीन केस डेंगू संक्रमित निकले हैं। तीनों जगह टीमें भेजकर एंटीलार्वा का छिड़काव कर आसपास के घरों में 90 लोगों के सैंपल लेकर डेंगू जांच कराई जा रही है।
-
नगर स्थित एमसीएच विंग में आशंकित मरीजों की एलाइजा जांच शुरू कर दी है। रोजाना चार से पांच सैंपल ही जांच को आ रहे हैं। इस संबंध में सभी सीएचसी-पीएचसी के चिकित्साधिकारियों को आशंकित मरीजों के सैंपल लेकर जांच को भेजने के निर्देश दिए हैं। मरीजों की जांच से लेकर इलाज की पूरी व्यवस्था है। वहीं जिला अस्पताल में छह और सीएचसी स्तर पर चार-चार बेड आरक्षित किए गए हैं। -डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ अमरोहा

वायरल बुखार में भी कम हो रही प्लेटलेट्स की संख्या

अमरोहा। अस्पतालों में आने वाले वायरल बुखार के मरीजों की प्लेटलेट्स कम हो रही हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता और बढ़ गई है। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में जांच के बाद मरीजों में प्लेटलेट्स के कम होने समस्या देखने को मिल रही है। चिकित्सक मरीजों से बिना घबराए उपचार कराने और समय से दवाई लेने की सलाह दे रहे हैं। वहीं, जिला अस्पताल के वार्ड में सोमवार को बुखार व डायरिया के 15 मरीज भर्ती थे।
पहले केवल डेंगू में प्लेटलेट्स कम होने के मामले सामने आते थे लेकिन अब वायरल से पीड़ित लोगों में भी प्लेटलेट्स कम मिल रही हैं। जिन्हें बुखार के साथ खांसी, जुकाम और सांस लेने में दिक्कत हैं, उनकी जांच करने पर प्लेटलेट्स काफी कम आ रही हैं। दवा और उचित देखभाल पर मरीज दो से तीन दिन में ठीक भी हो रहे हैं और उनकी छुट्टी की जा रही है। सोमवार को जिला अस्पताल के सामान्य वार्ड में बुखार के सात एवं उल्टी दस्त के आठ मरीज भर्ती थे।
विज्ञापन

जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि जरूरी नहीं है कि डेंगू में ही प्लेटलेट्स कम हों, वायरल बुखार में भी प्लेटलेट्स कम हो जाते हैं। सामान्य व्यक्ति में 1.50 लाख प्लेटलेट्स होते हैं। डेंगू के मरीज की प्लेटलेट्स धीरे-धीरे कम होती रहती हैं। इससे बचने के लिए इन दिनों अधिक देर तक गीले कपड़ों में न रहें। अगर सिर और गले में दर्द, खांसी जुकाम, बुखार और भूख न लगने की शिकायत है तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। बदलते मौसम में खान पान का विशेष ध्यान रखें। बाहर का खाना खाने से परहेज करना चाहिए। अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें और जलभराव न होने दें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें