अमरोहा। गांव सहसपुर अलीनगर के मैदान से निकलकर इग्लैंड के साउथंपटन में छाने वाले टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 32 साला बाद विश्व कप में चेतन शर्मा की याद दिला दी। वह विश्व कप में हैट्रिक लगाने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। इसके साथ ही वे दुनिया के नौवेें गेंदबाज बन गए हैं, जिसने विश्व कप में हैट्रिक लगाई है। उनके गांव सहसपुर अलीनगर में जश्र का माहौल है। वहीं पूरे जिले में भारती की जीत की खुशी मनाई जा रही है। सोशल मीडिया पर शमी को बधाई दी जा रही है।
भारत में हुए वर्ष 1987 के विश्व कप में टीम इंडिया के तेज गेंजबाज चेतन शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में हैट्रिक विकेट लेकर तहलका मचा दिया था। वह विश्व कप में हैट्रिक विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज थे। शनिवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच हुए मैच में अमरोहा में मोहम्मद शमी ने हैट्रिक लगाकर चेतन शर्मा की याद दिला दी। बेहद कांटे के मुकाबले में शमी की हैट्रिक से मिली जीत से भारतीय प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना नहीं है। उनके गांव सहसपुर सहित पूरे जिले में जीत की खुशियां मनाई गईं। रविवार को भी दिन भर शमी की हैट्रिक चर्चा में रही। शमी के भाई हसीब, मामा मुगीर आलम, मां को बधाई देने के लिए लोग घर पर पहुंच रहे हैं।