अमरोहा। अगर आपने आने वाले पंद्रह दिनों के भीतर बरेली दिल्ली इंटरसिटी और पदमावत एक्सप्रेस से कहीं आने जाने के लिए टिकट बुक कराया है तो सावधान हो जाइए, क्योंकि आपका सफर मुश्किल भरा हो सकता है। ये दोनों ट्रेनें कल (मंगलवार) से पंद्रह दिनों के लिए निरस्त रहेंगी। 25 जून से 9 जुलाई के बीच इंटरसिटी और पद्मावत एक्सप्रेस निरस्त रहेंगी। ऐसा बरेली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर होने वाले मरम्मत कार्य के लिए किया गया है।
रेलवे की ओर से जहां-तहां रेलवे लाइनों के बदलने, अंडरपास पुलों, स्टेशन के सौंदर्यकरण के कार्य के चल रहे हैं। जिसे लेकर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहे हैं। कई ट्रेनों का संचालन बंद किया जा रहा है। मुरादाबाद डिवीजन के बरेली रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म संख्या दो पर मरम्मत कार्य किया जाना है। इसके चलते कुछ ट्रेनों को निरस्त किया गया। इसमें अमरोहा रुकने वाली इंटरसिटी और पद्मावत एक्सप्रेस भी शामिल है। सीआईटी कैलाश चंद्र ने बताया कि 25 जून से 9 जुलाई तक इंटरसिटी एक्सप्रेस और पद्मावत एक्सप्रेस नहीं चलेगी। मुरादाबाद से आनंद बिहार के लिए चलने वाली 64553-54 अप डाउन मेमो पैसेंजर ट्रेन का निरस्तीकरण 20 जून से बढ़ाकर 30 जून कर दिया है। इस बीच यात्रियों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।