अमरोहा। खून की जांच कराने के इंतजार में जिला अस्पताल में बैठीं बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। वह सांस की बीमारी जूझ रही थीं। महिला की मौत से अस्पताल स्टाफ में हडकंप मच गया। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को घर ले गए। जहां शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है। महिला की मौत पर परिजनों से कोहराम मचा है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जट बाजार निवासी रहीस की बेटी कौशल की शादी 15 साल पहले शेरकोट से हुई थी। फिलहाल कौशल और उसकी बुजुर्ग सास नन्ही (60) अमरोहा आई हुई थीं। नन्ही को सांस की बीमारी थी। लिहाजा वह शुक्रवार को जिला अस्पताल से दवा लेने आई थीं। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने इंजेक्शन लगाने के बाद उन्हें जनरल वार्ड में भर्ती कर लिया। यहां कौशल का भांजा भी भर्ती था। परिजनों के मुताबिक रातभर नन्ही सांस की बीमारी से जूझती रहीं। शनिवार की सुबह डॉक्टरों ने ब्लड जांच के लिए लिख दिया। करीब नौ बजे से नन्ही जांच कराने के लिए अस्पताल की दूसरी मंजिल पर पहुंचीं और लाइन में लगी थीं। तभी लाइन में बैठे-बैठे वह जमीन पर गिर पड़ीं। यह देखकर पैथोलॉजी लैब में मौजूद स्टाफ में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें लेकर इमरजेंसी पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को अपने साथ घर ले गए हैं।