गजरौला। ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर ब्रजघाट गंगा में सोमवार को श्रद्धालु स्नान के लिए उमड़ेंगे। यदि रूट डायवर्जन नहीं किया गया तो जाम लग सकता है। हालांकि अभी तक पूूर्णिमा स्नान के लिए डायवर्जन करने का पुलिस ने कोई प्लान नहीं बनाया है। पुलिस का कहना है कि यदि जाम की स्थिति बनी तो ऐन वक्त पर डायवर्जन कर दिया जाएगा।
मालूम रहे कि करीब 14 दिन पूर्व सोमवती अमावस्या के मौके पर स्नान के दौरान ब्रजघाट हाईवे पर करीब 10 किमी लंबा जाम लग गया था। यह जाम 24 घंटे से भी अधिक समय तक रहा था। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसमें पुलिस की बड़ी फजीहत हुई थी। इससे सबक लेते हुए पुलिस ने गंगा दशहरा के मौके पर एक दिन पहले ही डायवर्जन कर दिया था। भारी वाहनों को बदले मार्गों से गुजारा गया था। इससे स्नान के दौरान जाम की समस्या नहीं बनी थी। अब सोमवार को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान होना है। गर्मी के मौसम में वैसे भी ऐसे मौकों पर श्रद्धालु गंगा में स्नान की ज्यादा इच्छा रखते हैं। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। लेकिन, प्रशासन की ओर से डायवर्जन करने का कोई प्लान नहीं है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पहले से ही डायवर्जन नहीं किया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो ऐन मौके पर डायवर्जन कर दिया जाएगा।