डिडौली। साइबर ठगों ने पिकअप चालक की पत्नी के खाते से 1.56 लाख रुपये उड़ा लिए। खाते का न तो डेबिट कार्ड है और न ही पीड़िता के पास कोई ओटीपी आया था। मैसेज आने पर मामले की जानकारी हुई। दंपती ने डिडौली कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव फतेहपुर निवासी आकाश कुमार पिकअप चलाता हैं। उनकी पत्नी शशिवाला का जोया की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में करीब नौ साल पुराना खाता है। इस खाते में करीब 1.61 लाख रुपये जमा थे लेकिन 14 से 13 अक्तूबर के बीच साइबर ठगों ने खाते से 1.56 लाख रुपये उड़ा लिए। आकाश का आरोप है कि उनके पास धनराशि कटौती के दौरान कोई ओटीपी नहीं आया। इतना ही नहीं उनकी पत्नी के पास खाते का न तो एटीएम है और न वह फोन चलाती हैं। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।