गजरौला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने ममता बनर्जी का पुतला फूंका। हाय-हाय के नारे लगाए। अभाविप कार्यकर्ताओं का कहना है कि बंगाल में मुस्लिम तुष्टिकरण को बढ़ावा देकर समाज के स्वस्थ विकास को रोकने का काम ममता सरकार कर रही है।
पश्चिमी बंगाल के इस्लामपुर में छात्र की मौत से गुस्साए अभाविप कार्यकर्ताओं ने इंदिरा चौक पर ममता बनर्जी का पुतला फूंका। प्रदेश सह मंत्री विपिन सागर ने कहा कि पश्चिमी बंगाल के उत्तरी दिजनापुर के इस्लामपुर में उर्दू शिक्षकों की भर्ती को लेकर किए जा रहे विरोध में दो छात्रों की मौत हो गई। पुलिस की फायरिंग में ये मौत हुई है। ममता बनर्जी का दिया बयान निंदनीय है। छात्रों की यह हत्या ममता सरकार की बर्बरता को दिखाती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आकर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप केंद्र सरकार पर लगाने वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खुद के राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों पर गोलियां चलवाना लोकतंत्र का गला घोंटना है। अभाविप कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा और पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में जिला संयोजक सुशील सैनी, नितिन चिकारा, पवन सैनी, वीकेश सिंह, प्रमोद कुमार, रवि कुमार, दीपक सिंह मौजूद रहे।