गजरौला। नगर के इंदिरा चौक पर जर्जर खड़े पोलों से हादसों की आशंका के चलते तीन दिन पूर्व ही अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की थी। जिसका डर था, वहीं हुआ। शुक्रवार देरशाम शुरू हुई तेज आंधी के चलते रात में जर्जर पोल उखड़कर गिर गया। चांदपुर से मुरादाबाद जा रही एक कार पर पोल गिर गया। हालांकि कार की स्पीड तेज होने की वजह से कोई घायल नहीं हुआ। कार मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान एक बड़ा हादसा बच गया।
नगर में कई जर्जर पोल हादसों को न्योता दे रहे हैं। लेकिन विभागीय अफसरों इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे। बार-बार आगाह करने के बावजूद भी जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी। नगर के जर्जर पोलों को लेकर सचेत करते हुए अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की थी, लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया। शुक्रवार शाम शुरू हुई आंधी ने जर्जर पोल गिरा दिया। रात करीब 11 बजे इंदिरा चौक पर जर्जर पोल गिर गया। जिसकी चपेट में धनौरा की दिशा से भानपुर रोड पर जा रही कार आ गई। कार मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। खास बात यह है कि आंधी में गिरे जर्जर पोल पर थाने के सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। जो चालू हालत में नहीं थे। इसके अलावा भी नगर में कई पोल जर्जर हालत में गिरने के लिए तैयार खड़े हैं। ईओ बिजेंद्र पाल ने बताया कि जल्द ही जर्जर पोलों को बदलने का काम शुरू कराया जा रहा है। इसके अलावा जो पोल अनुपयुक्त जर्जर हाल में खड़े हैं। उन्हें तत्काल हटवाया जाएगा।