अमरोहा। दशहरा पर्व को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों और रावण दहन स्थलों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। एहतियात के तौर पर अग्निशमन टीमों को भी लगाया गया है। इस दौरान तीन कंपनी पीएसी और क्यूआरटी भी लगाई गई हैं। एसपी ने पुतला दहन वाले 33 स्थानों पर 1200 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात किए हैं।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि दशहरा बृहस्पतिवार यानी दो अक्तूबर को मनाया जाएगा। इसके लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। जिलेभर में 33 जगहों पर रावण का दहन किया जाएगा। इसके लिए अफसरों की ड्यूटी लगा दी गई है। मेला स्थलों और जुलूस में सुरक्षा के लिए पुलिस मुस्तैद रहेगी। दशहरा पर पुलिस प्रशासन सुरक्षा के लिहाज से अलर्ट है। आजाद रोड स्थित जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान में विशाल मेला लगा है जहां राम-रावण की सेना के बीच युद्ध के बाद रावण के पुतले का दहन होगा। इसमें करीब 15 हजार लोगों की भीड़ आने का अनुमान है। मेला स्थलों पर पुलिस-पीएसी के जवानों को लगाया गया है। एसपी ने बताया कि पांच सीओ, 30 इंस्पेक्टर, 50 सब इंस्पेक्टर समेत 1200 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
-
इन स्थानों पर दहन होगा पुतला
शहर में जेएसएच इंटर कॉलेज का मैदान, अमरोहा देहात क्षेत्र में जलीलपुर बक्काल, शाहिदपुर, डिडौली क्षेत्र में इकौंदा, जोया, पतेई खालसा, डिडौली, मंडी धनौरा महादेव मंदिर कस्बा धनौरा, शेरपुर, गजरौला में अवंतिका नगर गजरौला, रेलवे स्टेशन गजरौला, कांकाठेर, गजरौला, नौगांवा सादात क्षेत्र में कस्बा नौगांवा, कूड़ा माफी, खेड़ा, कौराल, जब्दी, गजस्थल, रामपुर जूनारदार, बसेड़ा तगा, बीबड़ा खुर्द, बीलना, देहरी खुर्रम, रजबपुर में रजबपुर कस्बा, बछरायूं में महादेव मंदिर कानूनगोयान, हसनपुर में शिवाला मंदिर होलीवाला, सैदनंगली में उझारी कस्बा, सैदनगली, आदमपुर में दढि़याल, आदमपुर व ढबारसी तथा रहरा क्षेत्र में रहरई में रावण का पुतला दहन कर किया जाएगा।