अमरोहा। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लिए पात्रों के पुन: सत्यापन में 120 पात्र अपात्रों की श्रेणी में आ गए। यानी पहली सूची में अमीरों को भी सत्यापन के दौरान पात्र बना दिया गया था। अब ऐसे अपात्र अमीरों के चयन को निरस्त कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया चल रही है। योजना में एक आवास पर तीन किस्तों में लाभार्थियों को ढाई लाख की धनराशि दी जाती है। इसमें पहली किस्त 50 हजार, दूसरी किस्त 1.50 लाख और अंतिम किस्त 50 हजार की दी जाती है। जिला नगरीय विकास अभिकरण विभाग की ओर से पात्रों की सूची तैयार कराकर मुख्यालय भेजी जाती है। जिसके बाद अनुदान दिए जाने की प्रक्रिया शुरू होती है। योजना में पहली बार ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की गई है। जिसके तहत बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किए थे। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले के नौ निकायों में सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई थी। जिसमें 2140 पात्र पाए गए थे। लेकिन डीएम निधि गुप्ता वत्स को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उन्होंने 21 अफसरों को निकायवार सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी थी। दोबारा हुए सत्यापन में पहले सत्यापन के दौरान पात्र पाए गए 120 आवेदक अपात्र हो गए। जिनके चयन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है।
किस निकाय में कितने मिले अपात्र
निकाय - अपात्र लाभार्थी
अमरोहा - 28
बछरायूं - 00
धनौरा - 03
गजरौला - 26
हसनपुर - 08
जोया - 15
नौगांवा सादात - 00
सैद नगली - 34
उझारी - 06
योजना में पारदर्शिता लाने के लिए डीएम द्वारा दोबारा सत्यापन कराया गया था। जिसमें कई अपात्रों के चयन का निरस्त कर दिया गया है। योजना का सर्वे फिलहाल चल रहा है। - ब्रजपाल सिंह, डिप्टी कलक्टर/ प्रभारी डूडा
-