वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक के बाद एक बाइक सवार सड़क पर फिसल रहे हैं। कोई अचानक गिर रहा है तो कोई बाइक संभालने की कोशिश में सड़क पर घिसटता चला जा रहा है। हादसों के इस सिलसिले में 12 बाइक सवार मैली की चपेट में आ गए जबकि इनमें सवार 20 से अधिक लोग घायल हो गए।
गनीमत रही कि सभी को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि चीनी मिल से निकलने वाली मैली किसान खाद के रूप में इस्तेमाल करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाते हैं। इसी दौरान रास्ते में मैली सड़क पर गिरकर जम गई।
सूखे मौसम में यह उतनी खतरनाक नहीं होती लेकिन बारिश की हल्की बूंदाबांदी इसे बेहद फिसलन भरा बना देती है। शुक्रवार सुबह जैसे ही बूंदाबांदी शुरू हुई, वैसे ही चीनी मिल के सामने यह हिस्सा दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित होने लगा।
लगातार हो रहे हादसों की सूचना मिलने पर वेव शुगर मिल के प्रबंधन ने तुरंत दमकल की गाड़ी मंगवाई। दमकल की मदद से सड़क पर जमी मैली पर पानी का छिड़काव कर सफाई कराई गई। इसके बाद जाकर हालात काबू में आए और यातायात सामान्य व जोखिम रहित हो सका।
घटना के बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि चीनी मिल प्रबंधन और प्रशासन को मैली के सड़क पर गिरने की समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। जिससे की हादसे नहीं हो।