मंडी धनौरा। यूपी गुड़ एवं खांडसारी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन की बैठक में सरकार द्वारा खांडसारी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए दी जा रही सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए कुछ और रियायतों की मांग सरकार से की है। इसके लिए खांडसारी निर्माताओं का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलेगा।
एक शीतगृह में हुई बैठक में पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खांडसारी उद्योग के लिए लाइसेंस की प्रक्रिया काफी सरल कर दी है। इसके बावजूद खांडसारी उद्योग को बचाने के लिए रियायतों की मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। बैठक में मांग की गई कि गुड़ व खांडसारी उद्योग को रियायती दर पर बिजली उपलब्ध कराई जाएं। ब्याज मुक्त ऋण दिलाने की मांग भी की गई। कहा गया कि खांडसारी उद्योग काफी संख्या में रोजगार उपलब्ध कराता है। मंडी समिति कर को पूरी तरह समाप्त किए जाने की मांग भी की गई। गन्ने के रस को पकाने के लिए नई तकनीक थर्मो पैक लगाने की छूट प्रदान किए जाने की मांग भी सीएम के समक्ष रखी जाएगी। बैठक में सचिन कुमार, सुनील अग्रवाल, टीकम सिंह आदि मौजूद थे।