गजरौला। भारतीय सवर्ण महासभा के पश्चिमी यूपी प्रभारी भंवर सिंह चौहान ने कहा कि एससीएसटी एक्ट के विरोध में सवर्ण समाज जन आंदोलन करेगा। इसकी शुरूआत गजरौला से दो दिसंबर को होगी। उन्होंने कहा कि सरकार अनुसूचित जाति, जनजाति के उग्र आंदोलन से घबराकर सवर्णों को कुचल रही है। इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
गजरौला में खुशी फार्म हाउस में प्रेसवार्ता करते हुए महासभा के पश्चिमी यूपी प्रभारी भंवर सिंह चौहान ने कहा कि एससीएसटी एक्ट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ संशोधन करके सरकार ने जो कानून बनाया है, वह गलत है। इसमें सवर्णों को बिना जांच के सीधे जेल भेजने का प्रावधान है।
पहली सरकारों ने हिंदू और मुसलमान में बांटा, अब आरक्षण में बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज को भी आरक्षण मिलना चाहिए या आरक्षण को समाप्त करना चाहिए। साथ ही एससीएसटी एक्ट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश को बहाल किया जाना चाहिए।
साथ ही देश में दो बच्चों का कानून भी लागू हो। उन्होंने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर दो दिसंबर से सवर्ण समाज जन आंदोलन करेगा। इसकी शुरूआत गजरौला से होगी। उन्होंने सवर्णों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।