गौरीगंज (अमेठी)। शहर के चौक बाजार स्थित बताशा मंडी के पास शनिवार देर रात हुए विवाद में घायल एक युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। विवाद में घायल दो अन्य का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। पुलिस विवाद में शामिल चार लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुटी है।
गौरीगंज थाने के रौजा गांव निवासी खेमचंद्र तिवारी उर्फ गब्बर का उनके भाई हेमचंद्र से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। हेमचंद्र के पुत्र अक्षत तिवारी शहर में चाऊमीन का ठेला लगाते हैं। शनिवार शाम अक्षत तिवारी अपने दो भाइयों के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी किसी बात को लेकर गब्बर से कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद गब्बर के बुलाने पर शहर के वार्ड संख्या 19 पूरे तेजी मिश्रौली के अंकित पांडेय, माधौपुर निवासी दीपक पांडेय व सुल्तानपुर के अखंडनगर थानाक्षेत्र का रहने वाला सूरज बाजार पहुंच गए। सभी लोग चौक बाजार स्थित बताशा मंडी पहुंचे और घर जा रहे अक्षत व उनके भाइयों से मारपीट शुरू कर दी। धारदार हथियार से हुई मारपीट में गब्बर के बुलाने पर पहुंचे अंकित पांडेय, दीपक व सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख-पुकार पर लोगों को आता देख दोनों पक्षों के लोग मौके से भाग निकले। घायलों को देख लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत नाजुक देख रेफर कर दिया। अंकित को उपचार के लिए लखनऊ ले जाया गया जहां उपचार के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। अंकित की मौत के बाद लखनऊ में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। अंकित के मौत की सूचना पर हड़कंप मच गया। मौत की सूचना सार्वजनिक होते ही पुलिस मारपीट में शामिल चार संदिग्ध को हिरासत में लेकर छानबीन में जुटी है। घायलों में सूरज का उपचार जिला अस्पताल सुल्तानपुर में चल रहा है तो दीपक कहां भर्ती है इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। संदेह के आधार पर चार लोगों से पूछतांछ की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
16 फरवरी को होनी थी शादी
मार-पीट में मृतक रवींद्र प्रताप पांडेय उर्फ बब्लू के पुत्र अंकित पांडेय की शादी पीपरपुर थाने के रामगंज में तय थी। शादी की तिथि 16 फरवरी 2022 नियत थी। शादी के पहले अंकित की मौत होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अंकित की मौत के बाद मां मीरा व भाई रवि पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
छावनी में तब्दील रहा गांव
अंकित की मौत के बाद आक्रोश नहीं बढ़े इसके लिए पुलिस प्रशासन खासा सतर्क बना हुआ है। अंकित के घर के पास व अन्य संभावित स्थानों पर क्यूआरटी व अन्य थानों की फोर्स लगाई गई है।
सांत्वना देने वालों का लगा तांता
अंकित की मौत की सूचना रविवार सुबह सार्वजनिक हुई तो एक बार लोगों को विश्वास नहीं हुआ। मौत की पुष्टि होने के बाद अंकित के घर सांत्वना देने वाला का तांता लगा रहा। क्षेत्र के संभ्रात नागरिकों के साथ कई दलों के पदाधिकारियों ने पहुंच कर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
देर शाम हुआ अंतिम संस्कार
अंकित का शव देर शाम घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद परिवारीजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।