यूपी के अमेठी निवासी नकछेद (22) शुक्रवार को बेगमपुरा एक्सप्रेस से निहालगढ़ स्टेशन के पास गिर पड़ा। जब तक वह संभल पाता दूसरे ट्रैक से गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह इन्हौना क्षेत्र के सराय गोपी का रहने वाला था।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार के मुताबिक नकछेद होली पर वाराणसी से घर आने के बाद बेगमपुरा एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन के पास अचानक युवक ट्रेन से गिर पड़ा। अचेत हालत में वह ट्रैक पर पड़े थे। किसी की नजर पड़ती और बचाता, इसी बीच गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
करीब एक घंटे तक रोकनी पड़ी मालगाड़ी
ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वंदे भारत एक्सप्रेस के चालक ने शिव नगर रेलवे स्टेशन पर घटना की सूचना दी। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। बताया कि नकछेद का शव रेलवे ट्रैक से हटाने के दौरान सुल्तानपुर जा रही मालगाड़ी ट्रेन को करीब एक घंटे तक रोकना पड़ा।
यह भी पढ़ेंः- लखनऊ: होली के हुड़दंग में 410 मरीज पहुंचे अस्पताल, 160 हुए भर्ती, कुत्ते भी हुए बदहवाश; 38 लोगों को नोंचा
ट्रेन से गिरा यात्री घायल
एक अन्य हादसे में आजमगढ़ जिले के देवगांव निहोरगंज निवासी हरीश बरनवाल शुक्रवार को वाराणसी से जम्मूतवी बेगमपुरा एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। हरीश कुछ सामान लेने निहालगढ़ प्लेटफार्म पर ट्रेन के रुकने के बाद उतरे थे।
ट्रेन के चलने पर चढ़ते समय पैर फिसलने से वह गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने हरीश को ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया। जहां से उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर डॉक्टरों ने दवा देकर घर भेज दिया।