अमेठी सिटी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत बुधवार को गौरीगंज स्थित बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान परिसर में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 150 से अधिक युवाओं ने भाग लेकर योजना की जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन ने बताया कि 1700 लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य मिला है। योजना के तहत युवाओं को निर्माण और सेवा क्षेत्र में उद्यम स्थापित करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जाता है। ऋण की गारंटी राज्य सरकार लेती है तथा लाभार्थियों को 10 प्रतिशत अनुदान का भी लाभ मिलता है।
कार्यशाला में पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज की जानकारी दी गई। बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी मार्गदर्शन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि योजना से जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कार्यशाला के दौरान करीब 60 नए पात्रों का पंजीकरण किया गया। लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 531 आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 90 पात्रों को ऋण वितरित किया जा चुका है। इस अवसर पर विवेक मिश्र, योगेंद्र यादव और पूजा लाल भी मौजूद रहीं।